मुजफ्फरपुर में विशेष अभियान: 199 आरोपित गिरफ्तार, 134 को भेजा गया जेल
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 199 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में से गंभीर मामलों में शामिल 134 आरोपितों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि जिले के सभी अनुमंडलों में अपराधियों और फरार आरोपितों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। गिरफ्तार लोगों में लूटकांड का एक, पुलिस पर हमला मामले का एक, एससी/एसटी एक्ट का एक और विभिन्न मामलों के 131 अन्य आरोपित शामिल हैं।
पूर्वी-एक अनुमंडल में सबसे अधिक गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक 50 आरोपितों की गिरफ्तारी पूर्वी-एक अनुमंडल क्षेत्र से हुई। इसके अलावा नगर-वन से 13, नगर-टू से 8, पूर्वी-टू से 11, पश्चिमी-वन से 7, पश्चिमी-टू से 12 और सरैया अनुमंडल से 33 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
99 कुर्की-जब्ती वारंट का निष्पादन
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुर्की-जब्ती के मामलों में भी कार्रवाई की। कुल 99 कुर्की-जब्ती वारंटों का निष्पादन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।