
कालपी में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन!
सटोरिया गिरफ्तार, पांच जुआरी दबोचे, अवैध खनन के तीन वाहन सीज;
सीओ के निरीक्षण में लंबित विवेचनाओं पर सख्ती, महिला से छेड़छाड़-मारपीट और जमीन कब्जे के मामले में मुकदमा दर्ज, नौ दिन से लापता बुजुर्ग की तलाश तेज
कालपी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा। कहीं सट्टे और जुए के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसा तो कहीं अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों को सीज किया गया।
वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह ने कोतवाली का वार्षिक एवं शीतकालीन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा और लंबित विवेचनाओं को शीघ्र निस्तारित करने के कड़े निर्देश दिए।
दूसरी ओर ग्राम देवकली में जमीन विवाद को लेकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि बुजुर्ग के नौ दिन से लापता होने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सट्टे की पर्ची और 430 रुपये के साथ एक गिरफ्तार
कालपी कोतवाली के उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमण कर रहे थे।
इसी दौरान हरीगंज चौराहे पर सार्वजनिक स्थान में कथित रूप से सट्टे की पर्ची लगाते हुए हरीगंज निवासी रामकिशोर पुत्र रामस्वरूप को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से सट्टे की पर्चियां और 430 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना रामगंज चौकी प्रभारी शिवेंद्र सिंह परिहार को सौंपी है।
हरीगंज में जुए की फड़ पर छापा, पांच गिरफ्तार
रामगंज चौकी प्रभारी शिवेंद्र सिंह परिहार ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर हरीगंज मोहल्ले में छापा मारकर कथित रूप से जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में बलवान पुत्र राम सिंह, रमेश पुत्र कन्नी, असलम पुत्र लंडन, सलीम पुत्र इस्लाम और ओमप्रकाश पुत्र मंगल निवासी हरीगंज शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 1,000 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी गई है।
सीओ सदानंद सिंह के निरीक्षण में लंबित विवेचनाओं पर सख्ती
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह ने कोतवाली कालपी का वार्षिक एवं शीतकालीन निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रागार, मालखाना, कार्यालय, हवालात, महिला सहायता केंद्र, कंप्यूटर कक्ष और पुलिसकर्मियों के आवासों का निरीक्षण किया।
शस्त्रों के रखरखाव और अभिलेखों की स्थिति पर संतोष जताया, जबकि साफ-सफाई और परिसर में खड़े मुकदमों से संबंधित वाहनों की अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की।
सीओ ने करीब 30 लंबित विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विवेचकों को कड़े निर्देश दिए कि कई महीनों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने और आईजीआरएस सहित अन्य शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, एडिशनल इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश सिंह, नन्हेलाल, ज्ञान भारती, चौकी प्रभारी विपिन यादव, सुरेश चंद्र, शिवेंद्र सिंह परिहार, दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया, उपेंद्र शुक्ला, ओमप्रकाश सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, तीन वाहन सीज
तहसील कालपी क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ एसडीएम विनय कुमार मौर्य एवं सीओ सदानंद सिंह के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान अनियमितता मिलने पर खनन सामग्री का परिवहन कर रहे तीन वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया गया।
एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी संयुक्त टीम ने रात में कार्रवाई कर 12 से अधिक ओवरलोड बालू लदे वाहनों को सीज किया था।
पैतृक जमीन पर कब्जे और फसल काटने के प्रयास का आरोप, एसपी के आदेश पर मुकदमा
ग्राम देवकली निवासी शर्मिला देवी पत्नी अरविंद कुमार पुत्री शिवपाल ने मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक जालौन को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर पैतृक कृषि भूमि पर कब्जे का प्रयास करने, बाजरे की फसल काटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
शिकायत के अनुसार, 15 नवंबर को महादेव पुत्र रामसनेही, अनिल पुत्र महादेव, छोटू पुत्र अनिल, महादेव की पत्नी और पांच अज्ञात लोग खेत पर पहुंचे और फसल काटने का प्रयास किया।
पीड़िता का कहना है कि जमीन को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन है तथा स्थगन आदेश भी प्रभावी है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा धमकी दिए जाने की बात कही गई है।
वहीं 24 नवंबर की एक अन्य घटना में शर्मिला देवी ने महादेव, अनिल, छोटू और रामवती पर दरवाजे पर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी है।
जमीन कब्जे की शिकायत पर भी एसपी के निर्देश के बाद नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
दवा लेने निकले बुजुर्ग नौ दिन से लापता, बेटे ने दर्ज कराया मुकदमा
थाना आटा क्षेत्र के ग्राम भदरेखी निवासी मुन्ना सिंह उर्फ रणवीर सिंह 15 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से मेडिकल स्टोर पर दवा लेने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद बेटे शिवा सिंह पुत्र मुन्ना सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने 24 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव को सौंपी है। पुलिस बुजुर्ग की तलाश में जुटी हुई है।
छात्राओं को मिली बड़ी राहत, राजकीय डिग्री कॉलेज बना स्वकेंद्र
राजकीय डिग्री कॉलेज कालपी में बुधवार से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गईं। महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र संख्या 432 के रूप में स्वकेंद्र बनाए जाने से छात्राओं को अब दूसरे कॉलेजों में परीक्षा देने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
प्राचार्य डॉ. हर्षेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में परीक्षा की व्यवस्थाएं की गईं। परीक्षा प्रभारी डॉ. रत्नेश कुमार सोनी और सह-परीक्षा प्रभारी डॉ. युधिष्ठिर सिंह की देखरेख में पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस उपलब्धि पर डॉ. ज्ञानमाला सक्सेना, डॉ. रामपोस, डॉ. वीरेंद्र प्रताप चौरसिया, डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कालपी के तहसील अध्यक्ष सलीम अंसारी, नगर अध्यक्ष राजू शुक्ला और महामंत्री अमित यादव ने महाविद्यालय प्रशासन को बधाई दी।
28 और 29 नवंबर को बूथों पर विशेष मतदाता अभियान
मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए कालपी तहसील प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने तहसील सभागार में 38 सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर आगामी 28 और 29 नवंबर को बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसीलदार आदित्य विशाल, नायब तहसीलदार प्रिंस सिंह राजपूत, सूर्यकुमार और मतदाता पंजीकरण केंद्र प्रभारी शशांक कुमार विश्वकर्मा मौजूद रहे।
एसडीएम ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 और संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
कालपी में एक ही दिन पुलिस की कई मोर्चों पर सक्रियता देखने को मिली। अपराध नियंत्रण, अवैध खनन पर कार्रवाई, लंबित मामलों की समीक्षा, महिला शिकायतों पर मुकदमा और मतदाता पुनरीक्षण की तैयारियों के बीच प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं।
#Kalpi #Jalaun #Orai #KalpiPolice #JalaunPolice #BreakingNews #CrimeNews #IllegalMining #Bundelkhand #VoterRevision #UPPolice #SonuMaharaj
Kalpi, Jalaun | Nov 26, 2026