मंदिर दर्शन को जा रहे पिता-बेटी और बहू को रास्ते में घेरा!
मारपीट और खेतों की ओर खींचने का आरोप, चार लोगों पर कार्रवाई की मांग
जालौन में दबंगई का आरोप: बेटी-बहू से अभद्रता का विरोध करने पर पिता और परिवार के साथ मारपीट, पीड़ित ने सीओ से लगाई न्याय की गुहार
जालौन
मंदिर दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार के साथ रास्ते में मारपीट और अभद्रता किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
पीड़ित ने चार लोगों पर रास्ता रोकने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी जालौन से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम मोहनपुर कुदारी निवासी मुकेश सिंह सेंगर पुत्र महेंद्र सिंह के शिकायती प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 24 नवंबर को शाम करीब 4:41 बजे वह अपनी लगभग 16 वर्षीय पुत्री सोनाली और बहू वंदना सिंह को मोटरसाइकिल से उमसेन मंदिर लेकर जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद शेखपुर बुजुर्ग निवासी कल्लू सिंह, नीरज सिंह, अर्जुन सिंह और सतनाम सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर मारपीट की। इसी दौरान नीरज सिंह ने उनकी बेटी और बहू का हाथ पकड़कर खेतों की ओर खींचने का प्रयास किया।
विरोध करने पर पीड़ित और उसकी बहू के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान और संदीप सिंह सेंगर व राज सेंगर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने खेती न करने देने की धमकी भी दी। घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई।
अब 26 नवंबर को सीओ जालौन को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
अब सवाल यह है कि मंदिर दर्शन को जा रहे परिवार के साथ हुई इस कथित घटना पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है?
नोट: खबर पीड़ित के शिकायती प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है।
आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
#Jalaun #JalaunPolice #COJalaun #UPPolice #CrimeNews #Justice #Kalpi #UttarPradesh #BreakingNews #Bundelkhand
Kalpi, Jalaun | Nov 26, 2026