जमुई में मंत्री ने कहा- राजनीतिक बयान बाजी में भाषा की मर्यादा जरूरी, जरूरतमंदों को आरक्षण का मिले अधिक लाभ
राजनीतिक और सामाजिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। किसी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। शक्रवार को दिन के 11 बजे अरुण भारती से जुड़े कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है, लेकिन जिस तरह की भाषा के प्रयोग की बात बताई जा रही है, वह उचित नहीं है। राजनीति में हमेशा भाषा की मर्यादा रखी जानी चाहिए।
एनडीए में सबकुछ ठीक चलने और जीतन राम मांझी व चिराग पासवान के आमने-सामने होने के सवाल पर मंत्री ने सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि दोनों उनके अभिभावक हैं, इसलिए इस विषय पर उन्हें टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने अपनी पार्टी के रुख को स्पष्ट किया।
आरक्षण की समीक्षा की आवश्यकता से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि आरक्षण को लेकर सरकार और उनकी पार्टी का रुख स्पष्ट है। समाज के जिस वर्ग के साथ अन्याय हुआ है और जो अब तक मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाया है, उसके लिए आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए, जब तक वह मुख्य धारा से नहीं जुड़ जाता।
उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, इसके लिए कर्पूरी ठाकुर के आरक्षण फार्मूले पर विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा ऐसी व्यवस्था से जिन लोगों को आरक्षण की अधिक आवश्यकता है, उन्हें उसका अधिक लाभ मिल सकेगा।
मंत्री ने कहा कि केवल आरक्षण ही सामाजिक बराबरी का माध्यम नहीं है। सरकार और समाज दोनों को यह सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए कि सभी लोग शिक्षित बनें। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का स्तर जितना बढ़ेगा, लोगों के बीच बराबरी की स्थिति उतनी ही मजबूत होगी।
आगे मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि बिहार की हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़े तो नियमों में बदलाव किए जाने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा बिहार से होकर गुजरने वाली गंगा नदी राज्य की बड़ी आबादी और कृषि व्यवस्था से सीधे जुड़ी है। सिंचाई से लेकर पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए बड़ी आबादी गंगा और इससे जुड़े जल संसाधनों पर निर्भर है। ऐसे में बिहार के हितों और कृषि व्यवस्था की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए यदि मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता पड़ती है तो निश्चित रूप से बदलाव किया जाना चाहिए। #jamuitopnews #jamui #PoliticalNews #mantriji #RLSP
Jamui, Jamui | Sep 13, 2026