
स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन संबंधी राज्य स्तरीय प्रशिक्षण रविवार को
..
एनआईसी सभाकक्ष में वीसी के माध्यम से होगा प्रशिक्षण, तहसीलवार नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स की अनिवार्य सहभागिता
..
स्वामित्व योजना के अंतर्गत निर्मित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख के निष्पादन एवं पंजीयन की प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन रविवार 5 सितंबर को प्रातः 11:30 बजे किया गया है। प्रशिक्षण का आयोजन एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रशिक्षण आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन, मध्यप्रदेश, ग्वालियर के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में स्वामित्व योजना के अंतर्गत तैयार किए गए अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख के निष्पादन एवं पंजीयन से संबंधित पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित मोबाइल एप के माध्यम से की जाने वाली कार्यवाही, अभिलेखों के हस्तांतरण एवं पंजीयन की प्रक्रिया तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक अन्य प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराना है।
जिला एनआईसी में अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति -
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में जिले की प्रत्येक तहसील से नामांकित नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स को 5 सितंबर को प्रातः 11:30 बजे जिला एनआईसी सभाकक्ष विदिशा में उपस्थित होकर प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त जानकारी को संबंधित तहसीलों एवं मैदानी अमले तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की रहेगी।
प्रशिक्षण उपरांत स्वामित्व योजना के कार्य को तहसील स्तर पर प्रभावी एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए तहसील स्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख के निष्पादन एवं पंजीयन की कार्यवाही में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक कठिनाई न आए।
तहसील स्तरीय समिति में होंगे ये अधिकारी -
तहसील स्तर पर गठित समिति में नोडल अधिकारी के रूप में तहसीलदार, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नायब तहसीलदार तथा मास्टर ट्रेनर के रूप में राजस्व निरीक्षक, तकनीकी सहायक, AeGM एवं कंप्यूटर प्रशिक्षित पटवारी शामिल रहेंगे। यह समिति प्रशिक्षण के बाद संबंधित अधीनस्थ कर्मचारियों को योजना से जुड़ी कार्यप्रणाली, मोबाइल एप के उपयोग, हस्तांतरण विलेख के निष्पादन एवं पंजीयन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराएगी। इस व्यवस्था से स्वामित्व योजना के तहत तैयार अधिकार अभिलेखों के आगामी कार्यों में तेजी आने के साथ ही प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाए जाने की उम्मीद है। #vidisha