सोफे के नीचे दुबका था दुर्लभ सफेद कोबरा, रेस्क्यू से मचा कौतूहल
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) सांगानेर के रावला चौक क्षेत्र में शनिवार को एक घर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कमरे में रखे सोफे के नीचे दुर्लभ सफेद रंग का कोबरा दिखाई दिया। सूचना पर वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के संभागीय सचिव व वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत मौके पर पहुंचे और सावधानी से कोबरा के बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
राणावत के अनुसार सामान्यतः कोबरा काले या गहरे रंग का होता है। हजारों में कभी-कभार दिखने वाला सफेद रंग आनुवंशिक बदलाव के कारण हो सकता है। रेस्क्यू किए गए सांप की आंखें काली हैं, इसलिए इसे पूरी तरह एलबिनो नहीं माना जा सकता। ऐसे असामान्य रंग वाले सांप जंगल में शिकारियों के लिए आसानी से नजर आ जाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आबादी क्षेत्र में सांप अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि वन विभाग या वन्यजीव रेस्क्यू टीम को सूचना दें।