
जंगल में बेखौफ खैर कटान पर SSB का शिकंजा, 13 बोटे लकड़ी के साथ चार गिरफ्तार
पिकअप में लादकर ले जाई जा रही थी खैर की लकड़ी, मौके से हाथ आरा भी बरामद; कत्था फैक्ट्रियों तक पहुंचाने की थी तैयारी
बलरामपुर/श्रावस्ती, 01 सितंबर 2026।
सोहेलवा वन क्षेत्र में वन संपदा की अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ SSB और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बालू में छापेमारी कर अवैध रूप से काटी गई जंगली खैर की 13 बोटे लकड़ी, एक पिकअप वाहन और एक हाथ आरा बरामद किया। मौके से चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि बरामद खैर की लकड़ी को पिकअप में लादकर आगे ले जाने की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलने के बाद 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), कंपनी डगमारा और सोहेलवा पूर्वी रेंज वन विभाग की संयुक्त टीम ने सूचना का सत्यापन किया। इसके बाद SSB की QRT टीम के साथ वन विभाग के अधिकारियों ने ग्राम बालू में सर्च अभियान चलाया।
पिकअप में लादी जा रही थी जंगल की लकड़ी
संयुक्त टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ लोग पिकअप वाहन में काटी गई खैर की लकड़ी लादते मिले। टीम ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से 13 नग खैर की लकड़ी, एक हाथ आरा और पिकअप वाहन संख्या UP 32YN 0017 बरामद किया गया।
यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ से करीब 9 किलोमीटर भारत की ओर स्थित बताया गया है। कार्रवाई के बाद बरामद लकड़ी, वाहन और अन्य सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सोहेलवा पूर्वी वन रेंज के सुपुर्द कर दिया गया।
कत्था फैक्ट्रियों तक पहुंचाई जानी थी लकड़ी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर खैर की लकड़ी को आगे बहराइच और लखीमपुर-खीरी क्षेत्र की कत्था फैक्ट्रियों में बिक्री के लिए भेजे जाने की योजना होने की बात सामने आई है। इससे वन विभाग को अवैध खैर कटान के पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच का एक अहम सुराग मिला है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, लल्लू राम, राकेश कुमार और राम जागे के रूप में हुई है।
वन कानून के तहत केस दर्ज, नेटवर्क की तलाश
वन विभाग ने मामले में रेंज केस संख्या 15/2026-2027 दर्ज कर संबंधित वन कानूनों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल से खैर की अवैध कटान के बाद लकड़ी को कहां-कहां भेजा जाता था और इस कारोबार में आरोपियों के अलावा और कौन लोग शामिल हैं।
SSB और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद सोहेलवा क्षेत्र में अवैध वन कटान एवं वन उत्पादों की तस्करी में सक्रिय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।