
14 सितंबर को खुलेगा चुनावी पिटारा, सुबह 8 बजे से मतगणना
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सोमवार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में मतगणना की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
नगर निगम भीलवाड़ा की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में होगी। वार्ड 1 से 35 की गिनती कक्ष 42 में 18 टेबल तथा वार्ड 36 से 70 की गिनती कक्ष 39 में 15 टेबल पर होगी। ईवीएम संग्रहण कक्ष भी निर्धारित कर दिया गया है।
10 पालिकाओं के नतीजे भी इसी दिन
जिले की बीगोद, आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया नगर पालिकाओं के लिए भी अलग-अलग मतगणना केंद्र और टेबल तय किए गए हैं। पालिकाओं में 4 से 7 टेबल पर वार्डवार मतगणना होगी।
मतगणना केंद्रों पर नियंत्रण कक्ष, मीडिया कक्ष, पुलिस एवं निर्वाचन अधिकारियों के कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ मतगणना कराने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।