
एकमा में लूटकांड का खुलासा, लूटी गई चांदी के आभूषण बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
सारण। एकमा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार के बल पर लूट की घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को एकमा-परसा रोड पर लूट की घटना को लेकर लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने उसे रुकने का इशारा किया। रुकने के बाद आरोपियों ने चाकू और हथियार का भय दिखाकर उसके पास से सोने-चांदी के आभूषण और मोटरसाइकिल छीन ली और रामपुर की ओर फरार हो गए।
मामले में एकमा थाना कांड संख्या 309/26, दिनांक 10 अगस्त 2026, के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद करते हुए रोहित कुमार सिंह, पिता-दिलीप सिंह, निवासी बरेजा, थाना दाउदपुर, जिला सारण को गिरफ्तार किया।
एक अन्य लूटकांड में भी संलिप्तता का दावा
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान यह जानकारी सामने आई कि गिरफ्तार आरोपी और उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर 6 जुलाई 2026 को भी एकमा-परसा रोड पर एक अन्य व्यक्ति को चाकू और हथियार का भय दिखाकर उसके सोने और चांदी के आभूषण लूटे थे।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें—
- चांदी की पायल — 3 जोड़ी
- चांदी की बिछिया — 4 जोड़ी
- चांदी की राखी — 2 जोड़ी
- चांदी की मेंहदी इल्ला — 2 पीस
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में एकमा थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
Rahui, Nalanda | Aug 22, 2026