
#पटवारी साहब का ‘राजसी ठाठ’! नाला पार करने के लिए 65 साल के बुजुर्ग की पीठ पर बैठ गए, लोग देख हुए हैरान
#मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने सरकारी तंत्र और आम जनता के बीच रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक पटवारी नाला पार करने के लिए करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीठ पर बैठा नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो माटा ग्राम पंचायत का है। यहां हल्का पटवारी नीलेश नामदेव फसल नुकसान का जायजा लेने गांव की ओर जा रहे थे। विंध्य क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है और इसी नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम गांव-गांव पहुंच रही है।
इसी दौरान रास्ते में एक नाला पड़ा। नाले में पानी था, लेकिन वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पानी इतना अधिक नहीं था कि उसे पार करना संभव न हो। इसके बावजूद पटवारी ने खुद नाला पार करने के बजाय करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग ललवा केवट की पीठ पर बैठकर नाला पार किया।
वीडियो बनाने वाला व्यक्ति भी कैमरे के पीछे से कहते सुनाई देता है— “पटवारी साहब को गिरा मत देना… तुम्हारा खर्चा वही देंगे।”
अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
सवाल यह उठ रहा है कि जिस अधिकारी को किसानों की परेशानी और फसल नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा गया था, क्या उसे एक बुजुर्ग ग्रामीण की पीठ पर बैठकर नाला पार करना चाहिए था?
एक तरफ किसान बारिश और फसल बर्बादी से परेशान हैं…
दूसरी तरफ सरकारी कर्मचारी नुकसान का आकलन करने गांव पहुंच रहे हैं…
और उसी दौरान अगर कोई अधिकारी इस तरह बुजुर्ग के कंधों पर सवार होकर नाला पार करता दिखाई दे, तो लोगों का सवाल उठना लाजमी है।
हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर सामने आई तस्वीर के अलावा इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारी या प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। इसलिए वीडियो के पीछे की पूरी परिस्थिति और वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बहस जरूर छिड़ गई है—
क्या यह मजबूरी थी या फिर सरकारी पद का ऐसा रौब, जिसमें अधिकारी को अपने से उम्र में बड़े बुजुर्ग की पीठ पर बैठने में भी कोई संकोच नहीं हुआ?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेता है या नहीं और मामले में संबंधित अधिकारी से जवाब-तलब किया जाता है या नहीं।
#MadhyaPradesh #Sidhi #Patwari #ViralVideo #MPNews #GovernmentEmployee #ViralNews #BreakingNews #Farmers #RainDamage