समाचार पत्रों में मुद्दे उठने के बाद भोटा-बिझड़ी सड़क पर काम शुरू
पांच नालों में बनेंगे कॉजवे, अन्य लंबित सड़क कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद
बड़सर
समाचार पत्रों में ग्रामीण सड़कों की बदहाली से जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के बाद भोटा-बिझड़ी वाया रोपड़ी-पपलोहल सड़क पर पांच नालों में कॉजवे बनाने का काम शुरू हो गया है। मंडियारा के समीप सड़क को बाईपास करने का कार्य भी शुरू किया गया है।
जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पवन कालिया ने बताया कि लोक निर्माण विभाग बड़सर ने पुराने ठेकेदार को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोहारी-कछवीं, पपलोहल ब्राह्मणा, पपलोहल-हजारू और श्मशानघाट सड़क पर डंगों के निर्माण सहित जनेहण-नालेड़ा सड़क के अधूरे कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
पवन कालिया ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण सड़कों की समस्याओं पर संज्ञान लेने से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने विभाग से निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने की मांग की।