
कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी और समयबद्ध पहुंचाएं : CDO
.
#हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि और किसानों को मिल रहे लाभ की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
उन्होंने योजनाओं की प्रगति में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने संचालित योजनाओं की प्रगति से CDO को अवगत कराया। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (FPO) के प्रतिनिधियों ने अपने उत्पादों और उपलब्धियों की जानकारी दी। CDO ने प्रतिनिधियों को उत्पादों की पैकेजिंग को और आकर्षक बनाने तथा बिक्री बढ़ाने के लिए नए प्रयास करने को प्रेरित किया। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Aug 22, 2026