
• मुख्यमंत्री लैपटॉप योजना से अंजली के सपनों को मिली नई उड़ान
• प्रतिभावान छात्रा को लैपटॉप क्रय करने के लिए मिली 25 हजार रुपये की सहायता राशि, ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद’’
प्रतिभा और मेहनत से अपने भविष्य को संवारने का सपना देखने वाली सीहोर की छात्रा अंजली वर्मा के लिए मुख्यमंत्री लैपटॉप योजना नई उम्मीद और अवसर लेकर आई है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित योजना के तहत अंजली को लैपटॉप क्रय करने के लिए 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। लैपटॉप मिलने से अंजली बेहद खुश है और इसे अपने अध्ययन एवं भविष्य की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण साधन मानती है।
अंजली बताती है कि लैपटॉप उसके लिए केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि शिक्षा और सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम है। ऑनलाइन पढ़ाई भी कर सकेगी और इंटरनेट के माध्यम से देश-दुनिया से जुड़ सकेगी। विभिन्न विषयों की जानकारी, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन तक आसानी से पहुंच बनाना उसके लिए पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।
अंजली का कहना है कि लैपटॉप के उपयोग से उसका समय और श्रम दोनों बचेंगे। वह अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन सामग्री देख और दोहरा सकेगी। साथ ही, विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन टेस्ट, प्रश्न-पत्र, वीडियो लेक्चर और अन्य उपयोगी सामग्री का लाभ भी उठा सकेगी। इससे उसकी पढ़ाई को नई गति मिलेगी और वह बेहतर तरीके से अपनी परीक्षाओं की तैयारी कर पाएगी।
वह कहती है कि आज के दौर में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लैपटॉप मिलने से उसे नई चीजें सीखने, अपनी जानकारी बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इंटरनेट के माध्यम से वह देश-दुनिया की नई जानकारियों से अपडेट रह सकेगी और अपने अध्ययन को अधिक प्रभावी बना सकेगी।
अंजली ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाली यह योजना उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की इस सहायता से उसे अपने लक्ष्य की दिशा में मेहनत करने के लिए नया उत्साह मिला है। मुख्यमंत्री लैपटॉप योजना जैसे प्रयास विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान बनाएगी। अंजली के लिए यह लैपटॉप उसके उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों को और मजबूत करने वाला साबित होगा। अंजली वर्मा इस समय कॉलेज में अध्ययनरत है। उसने सीहोर के एक्सीलेंस स्कूल से 86 प्रतिशत अंकों के साथ 12 कक्षा उत्तीर्ण की है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore