
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा, अंगवस्त्र एवं गुलाब भेंट कर किया गया सम्मानित
लखीसराय। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर ल समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा आयोजित की गई। इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार’ पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों के सम्मान के साथ हुई। उन्होंने राष्ट्रीय प्रेस दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। समाज को सही, निष्पक्ष और तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना मीडिया की प्रमुख जिम्मेदारी है।
वहीं, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं। ऐसे में खबरों के संकलन और प्रसारण में सत्यता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता को प्राथमिकता देना जरूरी है। जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ जनजागरूकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।