मंडल कारा का डीएलएसए सचिव ने किया निरीक्षण, बंदियों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता
लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर ने मंडल कारा, लखीसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएलएसए एवं एलएडीसीएस कर्मी ललिता शाही और सदानंद कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विधिक सहायता व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को बताया कि जो लोग आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपने खर्च पर अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बंदी आवेदन दे सकते हैं।
इस दौरान मंडल कारा में संचालित अस्पताल, विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का निरीक्षण किया गया। भोजन व्यवस्था के संबंध में पूछताछ करने पर बंदियों ने इसे संतोषजनक बताया। सचिव ने महिला वार्ड का भी निरीक्षण कर महिला बंदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।