
जैन मंदिर चोरी का खुलासा: आगरा से आदतन चोर गिरफ्तार, 1.5 किलो का चांदी का छत्र बरामद
मुरैना। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर से चोरी हुए करीब 1.5 किलो वजनी चांदी के छत्र का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के अछनेरा से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल लोहे का कटर भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त की सुबह मंदिर के पुजारियों ने कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार जैन को भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा तीन खंड वाला चांदी का छत्र गायब होने की सूचना दी थी। शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 385/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को संदिग्ध की पहचान के संबंध में अहम सुराग मिले।
20 अगस्त को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर अछनेरा, आगरा पहुंचकर संदिग्ध की तलाश की। जांच में उसकी पहचान शैलेष वर्मा निवासी अछनेरा, आगरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने जैन मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 1.5 किलो चांदी का छत्र और वारदात में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी शैलेष वर्मा के खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली: मंदिर चोरी के खुलासे में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस आगरा तक पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
Morena, Morena | Aug 21, 2026