
*बस्ती: युवा संवाद में RSS के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी ने किया 'अपना कैरियर, अपनी उड़ान' पुस्तिका का विमोचन*
*जनपद बस्ती, 10 सितंबर।* अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख * रामलाल जी* ने अधिवक्ता एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता *भावेष पाण्डेय* द्वारा लिखित करियर मार्गदर्शिका *‘अपना कैरियर, अपनी उड़ान’* का विमोचन किया।
विमोचन के दौरान रामलाल जी ने पुस्तिका की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक अत्यंत उपयोगी और समयानुकूल प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को सही समय पर सही दिशा और मार्गदर्शन मिलना बहुत आवश्यक है। युवाओं को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को पहचान कर ही अपने लक्ष्य का निर्धारण करना चाहिए।
पुस्तिका के लेखक भावेष पाण्डेय ने बताया कि आज विद्यार्थियों के सामने करियर के अनगिनत विकल्प हैं, लेकिन सही जानकारी के अभाव में वे अक्सर अपनी क्षमता के अनुरूप क्षेत्र का चुनाव नहीं कर पाते। इसी जरूरत को समझते हुए यह पुस्तिका तैयार की गई है।
*पुस्तिका की खास बातें:*
भावेष पाण्डेय ने बताया कि इस छोटी सी पुस्तिका में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों, अलग-अलग पेशे और उनसे जुड़े कोर्स की जानकारी बहुत ही सरल और व्यावहारिक तरीके से दी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह बताना है कि किसी भी क्षेत्र में जाने के लिए कौन-कौन से रास्ते हैं और अपना करियर चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
भाषा को लेकर उन्होंने विशेष ध्यान रखा है। इसे न तो कठिन हिंदी में लिखा गया है और न ही पूरी अंग्रेजी में। आज के युवाओं की समझ और बोलचाल को ध्यान में रखते हुए इसमें *हिंग्लिश* का प्रयोग किया गया है ताकि छात्र आसानी से जुड़ सकें और कम समय में पूरी बात समझ सकें। इसलिए पुस्तिका को जानबूझकर संक्षिप्त रखा गया है। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थी इंटरनेट और सोशल मीडिया से जानकारी तो बहुत ले लेता है, लेकिन सूचनाओं की भीड़ में सही विकल्प चुनना ही सबसे बड़ी चुनौती है। ‘अपना कैरियर, अपनी उड़ान’ इसी चुनौती का एक सरल समाधान है। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और विद्यार्थियों ने इस पहल को बेहद उपयोगी बताया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 10, 2026