
*बस्ती: कृषि उत्पादों के निर्यात को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए किसानों की कार्यशाला, 100 प्रगतिशील किसानों ने लिया हिस्सा*
*बस्ती, 10 सितंबर 2026।* जनपद में कृषि और उद्यानिकी उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहुंचाने और स्थानीय किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन *एपीडा (कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) और उद्यान विभाग* के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यशाला में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए लगभग 100 प्रगतिशील कृषकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के प्रतिनिधियों और निर्यातकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *एपीडा प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह लोधी* ने किसानों को वैश्विक बाजार की मांग, आधुनिक पैकेजिंग तकनीक, लॉजिस्टिक्स और निर्यात के लिए जरूरी दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने FPOs को उद्यमिता से जोड़ने और सामूहिक रूप से निर्यात करने के फायदों पर प्रकाश डाला।
*कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर* ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फसल प्रबंधन के तौर-तरीके सिखाए। विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि FPO के माध्यम से किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बेहतर ग्रेडिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं, जिससे उन्हें सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचने का मौका मिलेगा और आय में भारी वृद्धि होगी।
कार्यशाला में केवीके प्रमुख आर.के. तोमर, वैज्ञानिक डॉ. आर.बी. सिंह, एलडीएम आर.एन. मौर्य, उपायुक्त एनआरएलएम श्रीमती आशा देवी ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग से पंकज कुमार मिश्र, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक सुभाष चन्द्र मिश्र, उद्यान निरीक्षक राजन कुमार गोंड, सहायक उद्यान निरीक्षक आशीष कुमार, अश्वनी सिंह और प्रधान चौधरी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में किसानों की शंकाओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन *जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी* ने प्रदेश सरकार की *उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन योजना* की विस्तृत जानकारी देते हुए किया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 10, 2026