
पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर पंचायत के रामपुर मनोरथ गांव निवासी जनवितरण प्रणाली के दुकानदार रामविनय गिरी की सड़क हादसे में मौ*त हो गई। हादसा पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में भारतमाला पथ पर बतनी चौक के समीप हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रामविनय गिरी शनिवार की सुबह करीब आठ बजे अपने घर से बाइक पर सवार होकर पकड़ीदयाल अनुमंडल कार्यालय जाने के लिए निकले थे। बताया गया कि उनकी पॉस मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह अनुमंडल कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान भारतमाला पथ पर बतनी चौक के समीप सड़क पर चढ़ने के दौरान सामने की दिशा से तेज गति एवं अनियंत्रित तरीके से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामविनय गिरी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और दुर्घटना में शामिल दूसरे बाइक सवार युवक की मदद से घायल रामविनय गिरी को तत्काल पकड़ीदयाल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन एवं अन्य लोग उन्हें इलाज के लिए मोतिहारी स्थित रहमानिया अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने रामविनय गिरी को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौ*त की खबर गांव में पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। घर पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामविनय गिरी जनवितरण प्रणाली के दुकानदार के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रखंड क्षेत्र के अन्य जनवितरण दुकानदारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। जनवितरण दुकानदार सुखारी मेहता एवं मनोहर साह ने बताया कि रामविनय गिरी की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के लिए मोतिहारी ले जाने के दौरान मौ*त हो गई। उनके निधन से जनवितरण प्रणाली से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।