
एसडीएम एवं तहसीलदार ने संतापुर और खुजरार में सोयाबीन फसल का किया निरीक्षण
..
कीट प्रकोप की स्थिति का लिया जायजा, किसानों को फसल सुरक्षा के संबंध में दी आवश्यक सलाह
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में सोयाबीन फसल की स्थिति एवं कीट प्रकोप की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज ग्यारसपुर अनुविभाग में एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा एवं तहसीलदार द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम संतापुर एवं खुजरार में किसानों के खेतों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सोयाबीन फसल में दिखाई दे रहे कीट प्रकोप एवं फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से फसल की स्थिति, कीटों के प्रकोप तथा फसल में अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों के संबंध में जानकारी ली।
अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि सोयाबीन फसल में किसी भी प्रकार के कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क करें। साथ ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही अनुशंसित कीटनाशकों एवं दवाओं का उपयोग करने की बात कही गई।
एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सोयाबीन फसल की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसानों को समय-समय पर फसल सुरक्षा एवं कीट नियंत्रण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय राजस्व एवं संबंधित विभागीय अमला भी उपस्थित रहा। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे फसल में असामान्य स्थिति अथवा कीट प्रकोप दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक उपाय किए जा सकें। #Vidisha