बोकारो पुलिस का मानवीय चेहरा, बेसुध पड़े वृद्ध दंपति को थाना प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल
बेटों ने करीब 10 वर्षों से छोड़ा साथ, नशेड़ी बेटे पर मारपीट और भोजन छीनने का आरोप, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
बोकारो:- जब अपनों ने ही बुढ़ापे में साथ छोड़ दिया और जिंदगी भूख, बीमारी व अकेलेपन के बीच सिमटकर रह गई, तब बोकारो पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की। माराफारी थाना क्षेत्र के गेमन कॉलोनी में पिछले तीन-चार दिनों से अपने ही घर में बेसुध पड़े वृद्ध दंपति भगवान सिंह और नीतू देवी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने की पहल की। मामले की जानकारी मिलते ही माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार बिना देर किए मौके पर पहुंचे। उन्होंने वृद्ध दंपति की दयनीय स्थिति को देखते हुए तत्काल दोनों को संभाला और सदर अस्पताल, बोकारो पहुंचाया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।समाजसेवी अमन गोस्वामी ने बताया कि वृद्ध दंपति के दो बेटे हैं, लेकिन दोनों करीब 10 वर्षों से माता-पिता से अलग हैं। एक बेटा बाहर रहता है, जबकि दूसरा स्थानीय स्तर पर ही रहता है। आरोप है कि नशे का आदी दूसरा बेटा अपने वृद्ध माता-पिता के साथ मारपीट करता है। इतना ही नहीं, पड़ोसियों द्वारा खाने के लिए दिए गए भोजन को भी छीन लेता है। ऐसे में दंपति बेहद दयनीय स्थिति में जीवन गुजार रहे थे। बताया जाता है कि भगवान सिंह पहले ड्राइवर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। लेकिन शारीरिक स्थिति खराब होने के बाद वे काम करने में असमर्थ हो गए। उम्र के इस पड़ाव पर जिन बच्चों को पाल-पोसकर बड़ा किया, उन्हीं से उन्हें सहारे की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें अपनों का साथ तक नहीं मिला। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बुजुर्ग माता-पिता के प्रति घटती संवेदनशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, थाना प्रभारी संजय कुमार की तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
Chas, Bokaro | Nov 19, 2026