#बोकारो में चोरों का आतंक: दो इलाकों के तीन घरों में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के गहने भी ले उड़े
#Bokaro : जिले के बेरमो और गोमिया इलाके में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। जारंगडीह अपर बंगाल में मंगलवार की देर रात चोरों ने दो बंद क्वार्टरों को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और शादी का राशन चोरी कर लिया। वहीं, गोमिया में छठ पूजा मनाने गए एक परिवार के बंद घर से बेटी की शादी के लिए रखे करीब नौ लाख रुपये के जेवरात और 65 हजार रुपये नकद चोर उड़ा ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है।
##जारंगडीह में दो क्वार्टरों के ताले तोड़कर चोरी
जारंगडीह अपर बंगाल में चोरों ने देर रात दो घरों को निशाना बनाया। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
##छह भर सोना, आधा किलो चांदी और नकदी गायब
पहली घटना कौशल्या देवी के क्वार्टर नंबर 1बी-3 में हुई। कौशल्या देवी ने बताया कि वह अपने मायके जैनामोड़ गई हुई थीं. सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से छह भर सोने के जेवरात, करीब आधा किलो चांदी और 15 हजार रुपये नकद गायब हैं।
##बेटी की शादी का राशन भी ले गए चोर
दूसरी घटना पड़ोस में स्थित विनोद कुमार सिंह के क्वार्टर में हुई। बताया कि उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को तय है। शादी की तैयारी के लिए करीब 50 हजार रुपये का राशन रखा गया था। चोरों ने घर का ताला तोड़कर पूरा राशन चोरी कर लिया।
##थाना प्रभारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घटनाओं की जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर अपने घरों और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
##गोमिया में बेटी की शादी के लिए रखे नौ लाख के गहने चोरी
गोमिया पंचायत के मध्य दुर्गा मंदिर के समीप चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब नौ लाख रुपये के जेवरात और 65 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी हुए जेवरात गृहस्वामी शिवराम सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए रखे थे।
##छठ मनाने रिश्तेदार के घर गया था परिवार
शिवराम सिंह के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार छठ पूजा मनाने रिश्तेदार के घर गया हुआ था। बीती रात शक्तिपुंज से लौटने के बाद जब वह घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो अलमारियों और दो बक्सों को तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। शिवराम सिंह एलआइसी एजेंट हैं।
##सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
##लगातार चोरी से लोगों में दहशत
लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की। इससे पहले स्वांग ऑफिसर्स कॉलोनी में सीसीएल मैनेजर के घर भी लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है। लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Chas, Bokaro | Nov 19, 2026