संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल, सांसद की गाड़ी का शीशा टूटा
डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात पर भड़के विसर्जन में शामिल लोग; सड़क पर बैठे, सांसद की गाड़ी पर भीड़ ने किया हमला
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे पर शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद के बाद बवाल हो गया। डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात कहे जाने से नाराज विसर्जन में शामिल लोग सड़क पर बैठ गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिस ने किसी तरह सांसद को सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकालकर वहां से हटाया। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वही एएसपी सुशील कुमार सिंह और एडीएम मौके पर पहुंचकर लोगो को समझा रहे है
स्थानीय लोगों के मुताबिक बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकला था। प्रतिमा को अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मेंहदावल सीओ सर्वदमन सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विसर्जन जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन का फोटो खींचा और कहा कि यह गाड़ी बखिरा थाने जाएगी।
इस बात को लेकर विसर्जन में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते लोग सड़क पर बैठ गए और विरोध करने लगे। इसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए सांसद को सुरक्षित बाहर निकाला और वहां से ले गए।
सांसद की गाड़ी में सवार लोग भी भड़के
घटना के बाद सांसद की गाड़ी में सवार लोगों में भी नाराजगी दिखाई दी और सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल बढ़ा दिया गया।