डीएम-एसपी ने संप्रेक्षण गृह की व्यवस्थाएं परखी, साफ-सफाई और सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को जनपद बस्ती स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल रही।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर किशोरों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं तक का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिसर की सुरक्षा दीवार, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की समीक्षा की। एसपी ने सुरक्षा में लगे पुलिस बल को सतर्क रहने और समय-समय पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने किशोरों के रहने वाले कमरों में जाकर साफ-सफाई की स्थिति देखी और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। मौसम के अनुसार किशोरों के लिए पर्याप्त बिस्तर और कपड़ों की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा मेस और रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता तथा खाद्य सामग्री के भंडारण की जांच की गई। डीएम ने मीनू के अनुसार पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने किशोरों से संवाद कर उनकी शिक्षा और समस्याओं की जानकारी ली।
शिक्षा, मनोरंजन और कौशल विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियां नियमित कराने तथा स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।