भूकंप की आपदा से निपटने का हुआ अभ्यास, मेहदावल के प्रेमा एजुकेशन अकादमी में मॉक ड्रिल
संतकबीरनगर। भूकंप जैसी अचानक आने वाली प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को मेहदावल स्थित प्रेमा एजुकेशन अकादमी में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल का नेतृत्व उपजिलाधिकारी मेहदावल और क्षेत्राधिकारी मेहदावल श्री सर्वदवन सिंह ने किया।
अभ्यास के दौरान विद्यालय में आपदा की स्थिति उत्पन्न होने की कल्पना करते हुए छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का भी अभ्यास कराया गया।
मॉक ड्रिल में पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों को अंजाम दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को भी परखा गया।
अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को आपदा के समय घबराने के बजाय सावधानी और समझदारी से काम लेने की जानकारी दी। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रशासन और पुलिस की तैयारियों को जांचने के साथ ही विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।