नशा कारोबार के हॉटस्पॉट चिन्हित कर जियो टैग लोकेशन सहित रिपोर्ट दें : जिला पदाधिकारी
सूचना संकलन, सप्लाई चेन की निगरानी एवं कार्रवाई पर विशेष जोर
छपरा 29 सितंबर 2026
आज जिला स्तरीय एनकौर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने जिले में नशा कारोबार एवं अन्य संवेदनशील मामलों की प्रभावी निगरानी को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
नशा कारोबार के हॉटस्पॉट चिन्हित करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े संभावित हॉटस्पॉट को चिन्हित करें। इनमें नशे के पेडलर्स की गतिविधियों वाले स्थान, सुनसान जगहें, मंदिरों के आसपास के क्षेत्र, चौक-चौराहे एवं अन्य ऐसे स्थान शामिल हैं, जहां नशीले पदार्थों के कारोबार अथवा संदिग्ध गतिविधियों की संभावना रहती है।
चिन्हित सभी हॉटस्पॉट की जियो टैग लोकेशन सहित रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने इस कार्य में पीडीएस डीलर्स एवं जीविका दीदियों को भी सक्रिय रूप से जोड़ने तथा उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन एवं संदिग्ध स्थानों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा।
नशे की सप्लाई चेन पर विशेष निगरानी
जिला पदाधिकारी ने कहा कि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन के विभिन्न माध्यमों की पहचान जरूरी है। इसके लिए रेलवे थाना, जीआरपी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक करने तथा रेलवे के माध्यम से होने वाली संभावित आपूर्ति पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने जिले में नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गत बैठक में ही अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र के लिए स्थान चिन्हित करने तथा काउंसलिंग एवं मेडिकेशन के लिए डेडिकेटेड चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। इस संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
साथ ही, जिला पदाधिकारी ने जिले में संचालित गैर लाइसेंसी नशा मुक्ति केंद्रों का स्वास्थ्य विभाग के स्तर से सर्वे एवं सत्यापन कराने का निर्देश दिया, ताकि इन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सके।
स्पिरिट एवं मादक पदार्थ कारोबारियों का डाटाबेस तैयार करने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक सारण श्री रोशन कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को स्पिरिट एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अथवा संदिग्ध कारोबारियों की पहचान कर उनका विस्तृत विवरण संकलित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से फोटो एल्बम तैयार करने, कारोबारियों के नाम-पता एवं मोबाइल नंबर का विवरण संकलित करने तथा उनके गोदामों को चिन्हित कर सत्यापन करने पर जोर दिया। कूरियर एजेंसियों के माध्यम से मादक पदार्थों की संभावित आपूर्ति की आशंका को देखते हुए संबंधित एजेंसियों एवं उनके गोदामों का भी आवश्यक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने कहा कि प्रभावी कार्रवाई के लिए सूचना संकलन सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण कर टीम गठित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित पोर्टल से प्राप्त इनपुट का भी नियमित रूप से अवलोकन कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मद्यनिषेध मामलों में ट्रायल एवं विनष्टीकरण पर जोर
मद्यनिषेध से संबंधित मामलों में जब्त सामग्री के संबंध में न्यायालय से आवश्यक अनुमति, सैंपलिंग एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए विनष्टीकरण की कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर रोक
एसएसपी श्री रौशन कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों के 500 मीटर के दायरे में ड्रग्स, गांजा, स्मैक अथवा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्यालयों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं होने देने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पटना से जुड़े नारकोटिक्स एवं इंटेलिजेंस से संबंधित पदाधिकारियों द्वारा भी आवश्यक इनपुट साझा किए गए। प्राप्त सूचनाओं एवं सुझावों के आधार पर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।बैठक में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
4 views | Saharsa, Bihar | Sep 29, 2026