पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों को किया गया सम्मानित
जहानाबाद : पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार को जहानाबाद में वीर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने कारगिल चौक स्थित शहीद स्मारक और पुलिस केंद्र में माल्यार्पण कर शहीद जवानों को नमन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस केंद्र में परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई। साथ ही उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। इस मौके पर परिजनों को सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके बलिदान को सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।