दशहरा मेला घूमने निकला था सुनील मोरहर नदी में मिला शव
मखदुमपुर : मोरहर नदी में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से आसपास के गांवों में हलचल मच गई। मृतक की पहचान शकूराबाद थाना क्षेत्र के पृजपुरा गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सुनील मंगलवार को दशहरा मेला देखने के लिए घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान थे। इसी बीच बुधवार को इक्किल विशुनपुर गांव के समीप ब्रह्मस्थान के पूरब मोरहर नदी के पूर्वी हिस्से में ग्रामीणों ने पानी में एक शव तैरते देखा। इसकी सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर शकूराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल मखदुमपुर थाना क्षेत्र में पड़ने के कारण थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
नदी पार करने के दौरान डूबने की आशंका
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि नदी पार करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से सुनील की डूबकर मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
बताया जाता है कि सुनील बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, परिवार को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही गई है।