गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत निवाड़ी के तीन पशुपालक सम्मानित, मुख्यमंत्री ने डीबीटी से अंतरित की पुरस्कार राशि
--
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के अंतर्गत वृंदावन ग्रामों में चयनित 466 विजयी पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। साथ ही प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी अंतरित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट गौ-सेवकों एवं पशुपालकों को सम्मानित किया तथा विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
इसी क्रम में गोपालकृष्ण पुरस्कार के अंतर्गत निवाड़ी जिले के गिर गाय पालक तीन पशुपालकों को पुरस्कृत किया गया। इसमें श्री शिवम दांगी को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, श्री शोभाराम दांगी को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा श्री नवीन कुमार यादव को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पुरस्कार राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ऑनलाइन अंतरित की गई।
यह पुरस्कार पशुपालकों को उन्नत नस्ल के गौवंश के पालन, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जिले में गिर नस्ल की गायों के संरक्षण और वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा तथा पशुपालकों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh Department of Culture, Madhya Pradesh #CMMadhyaPradesh #GoverdhanPooja #गोवर्धन_पर्व #JansamparkMP #niwari
15 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 9, 2026