ओरछा में श्रीराम राजा सरकार का मंदिर आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र, धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी अद्भुत स्थल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
दर्शन उपरांत मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से की चर्चा, श्रीराम राजा लोक के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर स्थित ओरछा का श्रीराम राजा मंदिर हम सभी के लिए अत्यंत आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। हमारी सरकार बनने के बाद श्रीराम राजा लोक के विकास एवं निर्माण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से ओरछा एक अद्भुत स्थल है, जिसका ऐतिहासिक महत्व भी विशेष है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन एवं पूजन के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि मान्यता है कि भगवान श्रीराम दिन में ओरछा में राजा के रूप में विराजमान रहते हैं। वे हम सभी के आराध्य हैं और हम सब उन्हें नमन करते हैं। दीपावली के पावन पर्व से एक दिन पूर्व रूप चौदस के अवसर पर ओरछा आकर श्रीराम राजा सरकार के दर्शन एवं नमन करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं सभी के कल्याण की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के सभी वर्गों, किसानों, युवाओं, गोपालकों सहित प्रत्येक नागरिक का कल्याण हो तथा सरकार की सभी नीतियां जनकल्याण के उद्देश्य से सफल सिद्ध हों। धार्मिक पर्यटन के इस अद्भुत केंद्र ओरछा में भी विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित हों, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी में भगवान विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम धाम तथा उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास का वातावरण बना है। ओरछा में भी इसी प्रकार की समृद्धि और विकास लाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका ओरछा आगमन श्रीराम राजा सरकार के दर्शन के साथ यहां संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करने के उद्देश्य से भी है। उन्होंने संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने रूप चौदस एवं दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Madhya Pradesh Tourism #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #ओरछा #JansamparkMP #niwari
1 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 7, 2026