चकरपुर शासकीय हाईस्कूल में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का समापन, विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती भावना सिंह ने बच्चों को बाल अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बचाव एवं बाल विवाह निषेध कानून के प्रति किया जागरूक
--
नालसा नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में विद्यालय स्तर पर 01 नवंबर से 06 नवंबर 2026 तक संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर तहसील विधिक सेवा समिति ओरछा की अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती भावना सिंह के मुख्य आतिथ्य में ओरछा तहसील के सुदूर ग्राम चकरपुर स्थित शासकीय हाईस्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बचाव, बाल अधिकारों तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती भावना सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सुरक्षित बचपन अभियान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों के अधिकारों, उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा तथा उन्हें विभिन्न प्रकार के शोषण एवं खतरों से बचाने के उद्देश्य से संचालित एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जागरूकता अभियान है। इसका उद्देश्य बच्चों को भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकें और किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में बिना भय के अपनी बात रख सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून, शिक्षा का अधिकार एवं बच्चों के अन्य मौलिक अधिकारों की सरल और व्यावहारिक भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विद्यालयों एवं शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों को समझना चाहिए तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर बाल संरक्षण तंत्र के माध्यम से समय पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए
कार्यक्रम में चकरपुर चौकी प्रभारी श्री नीरज कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, अनजान लिंक, साइबर ठगी तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में बताया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को सतर्क एवं जागरूक रहने की समझाइश दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री मोतीलाल अहिरवार, विधिक सहायक श्री आरिफ खान, श्री आशू यादव, शिक्षक श्री राजेश पाठक, श्रीमती श्वेता भार्गव, श्रीमती मंजू महौर, श्रीमती प्रगति तिवारी, श्री गणेश सूत्रकार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#सुरक्षित_बचपन_अभियान
#POCSOAct #JansamparkMP #niwari
4 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026