मां जगदम्बा की आराधना के साथ सजेगी गरबा की धूम, 11 से 20 अक्टूबर तक होगा मातेश्वरी गरबा महोत्सव
शाहपुरा /भीलवाड़ा :सुभाष व्यास
शाहपुरा। मां जगदम्बा की भक्ति, गरबा की उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर मातेश्वरी गरबा मंडल की ओर से आयोजित मातेश्वरी गरबा महोत्सव-2026 का आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक भव्य रूप से किया जा रहा है। माताजी के विसर्जन तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर सर्वसमाज में उत्साह का माहौल है। प्रतिदिन शाम 8 बजे से नए बस स्टैंड के पीछे गरबा महोत्सव आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद जसमेंदर सिंह (मोगली), संजय मिश्रा, धनराज जीनगर, अंकित वैष्णव, महेंद्र सिंह भाटी, हेमराज जाट, मनीष मीणा, आनंद सिंह और संदीप कुमार टेलर ने बताया कि महोत्सव में मां जगदम्बा की आराधना के साथ गरबा नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संगम
मातेश्वरी गरबा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव सर्वसमाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता की मिसाल पेश करता है।
महोत्सव के दौरान गरबा गीतों की धुन पर श्रद्धालु मां जगदम्बा की भक्ति में लीन होकर गरबा नृत्य करेंगे। आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने सर्वसमाज के सभी परिवारों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां जगदम्बा की आराधना करने तथा गरबा महोत्सव में सहभागिता निभाने की अपील की है।