*सुरक्षित माहौल में ही सपनों को मिलते हैं पंख, विद्यार्थियों को बताए अधिकार और सुरक्षा के कानूनी उपाय*
शाहपुरा/भीलवाड़ा : सुभाष व्यास बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में संचालित राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडेज’ के अंतर्गत शाहपुरा के विभिन्न विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। ये शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति, शाहपुरा की ओर से लगाए गए।
वीर माता मणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में आयोजित शिविर में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सानिया हाशमी, अधिवक्ता हितेश कुमार शर्मा एवं मोहम्मद शरीफ ने विद्यार्थियों को ‘सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को पंख मिलते हैं’ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सरल भाषा में बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और विधिक संरक्षण के बारे में समझाया।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के वातावरण में प्रत्येक बच्चे का सुरक्षित होना जरूरी है। बच्चों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने सुरक्षित वातावरण को बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमीत सिंह मोंगा एवं अधिवक्ता निखिल व्यास तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा चौहान ने भी विद्यार्थियों को उक्त विषय पर विधिक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। शिविरों में लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।