मसूरी में हरे-भरे पेड़ों पर चली आरी, रातोंरात गायब किए कटे पेड़
प्लिंथ सर्टिफिकेट और निर्माण की अनुमति प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
पहाड़ों की रानी मसूरी में बढ़ते निर्माण के बीच अब हरे-भरे पेड़ों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पेट्रोल पंप के सामने पार्किंग के निकट स्थित क्लिफ कॉटेज एस्टेट में पेड़ों के कटान और कुछ पेड़ों को सुखाने की कोशिश किए जाने के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि काटे गए पेड़ों को रातोंरात मौके से हटा दिया गया, लेकिन स्थलीय निरीक्षण के दौरान उनकी जड़ें जमीन में मौजूद मिलीं। मामला सामने आने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित संपत्ति स्वामी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। वहीं, शेष पेड़ों पर नंबरिंग कर उनके कटान को रोकने का प्रयास किया गया।
इस मामले ने मसूरी में निजी भूमि पर पेड़ों की सुरक्षा और निर्माण गतिविधियों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि क्या पेड़ों के कटान से पहले अनुमति ली गई थी और क्या संबंधित नियमों का पालन किया गया?
प्लिंथ सर्टिफिकेट से नक्शा पास कराने तक उठे सवाल
मसूरी में हो रहे निर्माण को लेकर मसूरी नगर पालिका से जारी होने वाले प्लिंथ सर्टिफिकेट, वन विभाग की एनओसी और एमडीडीए से नक्शा स्वीकृत कराने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप हैं कि कुछ स्थानों पर पुराने भवनों के अस्तित्व और अभिलेखों की वास्तविकता की जांच किए बिना निर्माण का रास्ता तैयार किया जाता है। यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
मसूरी में आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहले से ही निर्माण और नियमों के पालन का मुद्दा चर्चा में है। ऐसे में पेड़ों के कटान और नए निर्माण की गतिविधियों की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।
लगातार बढ़ते निर्माण और पेड़ों की कटाई से मसूरी के प्राकृतिक स्वरूप पर असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है। भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील मसूरी में पहाड़ी ढलानों से छेड़छाड़ और अनियंत्रित निर्माण भूस्खलन जैसी आपदाओं का खतरा बढ़ा सकते हैं। ऐसे में नगर पालिका, वन विभाग और एमडीडीए की जिम्मेदारी है कि भूमि के अभिलेखों, एनओसी, नक्शों और पेड़ों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का गंभीरता से पालन कराएं।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Nov 4, 2026