
बारिश का फिर कहर: दूसरी बार मलबे में समाया 'पानी वाले बैंड' का रेस्टोरेंट, मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन से लगा जाम मसूरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मंगलवार को मसूरी में फिर तबाही मचा दी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोलुखेत के पास हनुमान मंदिर क्षेत्र में भारी भूस्खलन से सड़क पर मलबा और बोल्डर आने से करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोक निर्माण विभाग ने दो जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को सुचारु कराया, लेकिन पहाड़ी में दरारें और ढीले बोल्डर बने रहने से दोबारा भूस्खलन का खतरा बरकरार है। बारिश का सबसे बड़ा नुकसान पानी वाले बैंड के पास हुआ, जहां भूस्खलन की चपेट में आकर एक रेस्टोरेंट पूरी तरह मलबे में दब गया। लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया, हालांकि समय रहते बाहर निकलने से अंदर मौजूद लोगों की जान बच गई। रेस्टोरेंट संचालक ऋषभ पवार ने बताया कि 16 सितंबर 2025 की आपदा में भी उनका यही रेस्टोरेंट तबाह हुआ था और तब भी उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि रिटेनिंग वॉल और पहाड़ी पर सुरक्षा कार्य की मांग कई बार उठाई, लेकिन प्रशासन ने अनदेखी की। उन्होंने सरकार और क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। उधर, पर्यटकों ने सड़क से मलबा हटाकर यातायात जल्द बहाल करने के लिए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #uttrakhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Jul 28, 2026

बरसात ने खोली सड़कों की पोल: मसूरी में गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, टैक्सी कारोबार भी प्रभावित पहाड़ों की रानी मसूरी में मानसून की पहली तेज बारिश ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है। शहर की कई प्रमुख सड़कें जगह-जगह उखड़ गई हैं और हालात ऐसे हैं कि लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है और पर्यटन नगरी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मसूरी पेट्रोल पंप से पिक्चर पैलेस चौक तक, सहित शहर के कई हिस्सों में सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है और सड़कों की यह स्थिति है, ऐसे में आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं। हर वर्ष पर्यटन सीजन से पहले सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में सड़कें उखड़ जाना कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाता, जिसका खामियाजा आम लोगों और पर्यटकों को भुगतना पड़ता है। मसूरी किक्रेग टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि पहले से ही मसूरी-देहरादून मार्ग के बार-बार प्रभावित होने से टैक्सी कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। अब शहर के भीतर सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से टैक्सी वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल सड़क निर्माण कराया जाता है, लेकिन कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि एक ही बरसात में सड़कें उखड़ जाती हैं। इससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और यात्रियों को भी असुविधा होती है। उन्होंने सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की कि क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और भविष्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी उत्तराखंड की प्रमुख पर्यटन नगरी है, जहां हर साल देश-विदेश से लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। खराब सड़कें न केवल पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं, बल्कि शहर की नकारात्मक छवि भी प्रस्तुत कर रही हैं, जिसका सीधा असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही, बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। #landslide #ganesh #BJPGovernment #uttarakhand #mussoorie
Mussoorie, Dehradun | Jul 25, 2026

मसूरी में एबीवीपी का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग मसूरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मसूरी एमपीजी कॉलेज में एकत्र होकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्मोकिंग पर छात्रों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले को आपके हवाले कर जोरदार नारेबाजी की छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर आक्रोश जताया। छात्र नेताओं आशुतोष जोशी, अनुज पवार, विकास रावत और करिश्मा ने कहा कि लगातार पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नीट विवाद से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। छात्रों ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल ध्यान नहीं दिया जाता तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मसूरी में नहीं पूरे देश में केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए वादी होगी उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को हमेशा से भारतीय जनता पार्टी के विचारधारा से जोड़ा जाता है परंतु अगर कोई भी सरकार या भाजपा छात्रों के अधिकारों का हनन कर उनके साथ बर्बरता करती है तो उसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है जिसे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा। #landslide #ganesh #uttarakhand #uttarkhand
Mussoorie, Dehradun | Jul 23, 2026

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज से लेकर राहुल गांधी के दौरे तक बोले आर्यन देव उनियाल, “छात्रों की पीड़ा समझते हैं, लेकिन आंदोलन का राजनीतिकरण गलत” मसूरी। सीजेपी परीक्षा प्रकरण को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन और देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्रीआर्यन देव उनियाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन कुछ संगठन छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। आर्यन देव उनियाल ने कहा कि वह स्वयं छात्र जीवन से जुड़े रहे हैं और छात्रों की पीड़ा को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रकरण सामने आने के बाद सरकार ने तत्काल कदम उठाए, मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, री-एग्जाम कराया गया और उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है। ऐसे में अब आंदोलन को मूल मुद्दे से भटकाकर राजनीतिक मंच में बदलना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आज जो वामपंथी और विभिन्न राजनीतिक संगठन छात्रों के समर्थन में मैदान में उतर रहे हैं, वे उस समय कहां थे जब मामले की जांच और कार्रवाई चल रही थी। उनका आरोप था कि कुछ लोग युवाओं की भावनाओं को भड़काकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रहे हैं। देहरादून में राहुल गांधी के छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम को लेकर आर्यन देव उनियाल ने कहा कि भाजपा को उनके दौरे से कोई राजनीतिक चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से भाजपा घबरा गई, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को लेकर जो विवाद खड़ा किया गया, वह तथ्यों पर आधारित नहीं है। जिस दिन राहुल गांधी का कार्यक्रम था, उसी समय देहरादून में लोक संस्कृति संवर्द्धन से जुड़े कार्यक्रम पहले से निर्धारित थे और कई दिनों से आयोजित किए जा रहे थे। ऐसे में अनुमति को लेकर लगाए जा रहे आरोप केवल राजनीतिक बयानबाजी हैं। आर्यन देव उनियाल ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता विकास और सुशासन के आधार पर भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता स्वयं तय करेगी कि किसकी बातों में दम है और किसने केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को हवा देने का प्रयास किया। भाजपा युवाओं, छात्रों और आम जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार हर संवेदनशील मुद्दे पर जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है। #landslide #BJPGovernment #ganesh #mussoorie #dehradun
Mussoorie, Dehradun | Jul 23, 2026

मसूरी में हवाघर मोड़ पर टला बड़ा हादसा, खाई में गिरने से बची जीप मसूरी। छावनी परिषद के नीचे हवाघर मोड़ पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लैंडौर से घंटाघर की ओर जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पहुंच गई और उसका एक पहिया सड़क से बाहर लटक गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाघर मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने छावनी परिषद प्रशासन से यहां जल्द क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। #landslide #uttarakhand #mussoorie #ganesh #uttrakhand
Mussoorie, Dehradun | Jul 23, 2026