➡️ शासकीय सेवा भूमि पर बंडा मामले के आरोपी का अवैध कब्जा ध्वस्त
➡️ प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराई 4.79 हेक्टेयर भूमि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सागर जिले में प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शाहगढ़ के ग्राम सिमरिया उवरी में प्रशासन और राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा अवैध जहरीली शराब मामले के आरोपी चंद्रभान राजपूत द्वारा कब्जा की गई 4.79 हेक्टेयर शासकीय भूमि को मुक्त करा लिया है।
➡️ ग्राम चौकीदार की सेवा भूमि पर बोई फसल को किया नष्ट
जांच के दौरान यह बात उजागर हुई थी कि बंडा प्रकरण में संलिप्त आरोपी चंद्रभान राजपूत ने ग्राम सिमरिया उवरी में ग्राम चौकीदार की शासकीय सेवा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। आरोपी द्वारा 4.56 हेक्टेयर और 0.23 हेक्टेयर (कुल 4.79 हेक्टेयर) भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी।
मामला संज्ञान में आते ही बंडा एवं शाहगढ़ प्रभारी एसडीएम संजय जैन के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया और उस पर अवैध रूप से लगाई गई फसल को नष्ट कर शासकीय आधिपत्य में लिया।
➡️ अपराधियों की संपत्तियों पर कड़ी नजर
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय या सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बंडा मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों और गतिविधियों की भी गहनता से जांच की जा रही है। संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #jansamparkMP #sagar