ओंकारेश्वर जलाशय में द्वितीय चरण में 800 मेगावाट-ऑवर क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहित 200 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना को मंत्रि-परिषद ने दी स्वीकृति
---
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर के गांधी सागर स्थित गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट में डेस्टिनेशन केबिनेट की 9 वीं बैठक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि आज मंत्रि-परिषद ने ओंकारेश्वर जलाशय के द्वितीय चरण में 800 मेगावाट-ऑवर की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहित 200 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना को अनुमोदन दिया है। इसका उद्देश्य पीक ऑवर में विद्युत आपूर्ति करना है। परियोजना अंतर-राज्यीय पारेषण प्रणाली से संयोजित होगी तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की स्वीकृति के बाद खुली निविदा से बोली प्रक्रिया का समन्वय बिड प्रोसेस कोऑर्डिनेटर द्वारा किया जाएगा।
द्वितीय चरण की 200 मेगावाट क्षमता के प्रारंभ (कमीशनिंग) के बाद ओंकारेश्वर जलाशय पर प्रथम चरण (278 मेगावॉट) और द्वितीय चरण (200 मेगावॉट) को मिलाकर कुल क्षमता 478 मेगावाट हो जाएगी, जिससे ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर परियोजना एक ही जलाशय पर स्थित विश्व की सबसे बड़ी फ्लोटिंग सोलर परियोजना बन सकती है। भारत सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना के अंतर्गत न्यूनतम 2 घंटे की सह-स्थित ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहित कुल 5,000 मेगावाट की फ्लोटिंग सौर परियोजनाएं स्थापित करने की घोषणा की है। टैरिफ कम करने के लिए योजना में 1 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट की केंद्रीय वित्तीय सहायता का प्रावधान है।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान की "सोलर पीवी पोटेंशियल ऑफ इंडिया, जून 2026" रिपोर्ट के अनुसार देश में फ्लोटिंग सोलर की कुल 102.18 गीगावाट क्षमता है, जिसमें से 14.89 गीगावाट (लगभग 15 प्रतिशत) मध्यप्रदेश में उपलब्ध है।
ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पार्क के प्रथम चरण की 278 मेगावाट की परियोजना पूर्ण हो चुकी है, जो भारत की सबसे बड़ी संचालित फ्लोटिंग सोलर परियोजना तथा विश्व की सबसे बड़ी संचालित परियोजनाओं में से एक है। रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड द्वारा 3.21 रुपये प्रति किलोवाट-ऑवर की प्रतिस्पर्धी दर पर विकसित इस परियोजना की विद्युत का क्रय वर्ष 2024 से मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Energy Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#khandwa
45 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026