#बालाघाट
महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता पर सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 21 नवंबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत ‘सतर्कता जागरूकता’ विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना और राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
सेमिनार में विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित श्री पवन कुमार वर्मा, सतर्कता अधिकारी, MOIL लिमिटेड बालाघाट ने विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के विभिन्न स्वरूपों, उसकी रोकथाम तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा सतर्कता संबंधी शपथ दिलाई।
प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने के लिए सतर्कता जागरूकता आवश्यक है। कार्यक्रम में डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे, प्रो. अनिल हनवत, प्रो. आनंद पारधी, डॉ. ताराचंद बड़घैया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#highereducation