#बालाघाट
धान खरीदी की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा, 25 नवंबर तक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
अन्य राज्यों और जिलों की धान की खरीदी पर रहेगी सख्त रोक, लापरवाही पर संबंधित एसडीएम होंगे जिम्मेदार
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 21 नवंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में 1 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होने वाली धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 25 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं। साथ ही स्पष्ट किया कि अन्य राज्यों एवं जिलों से आने वाली धान की खरीदी किसी भी केंद्र पर नहीं होनी चाहिए। इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एसडीएम की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एवं उपार्जन कार्य से जुड़े विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी दो दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के सभी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करें और वहां आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए छाया, पेयजल, अलाव तथा बारिश की स्थिति में धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, धान की गुणवत्ता एवं एफएक्यू मापदंडों की जांच के लिए नमी मापक यंत्र, छन्ना सहित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को धान विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया एवं उसके माध्यमों की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित करने को कहा।
48 घंटे के भीतर किसानों को मिले भुगतान
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर धान की तौल होने के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों से धान का समय पर उठाव और गोदामों तक परिवहन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि जिन राइस मिलर्स द्वारा पुराने धान की मिलिंग पूरी कर ली गई है, उन्हें नए धान की मिलिंग के लिए खरीदी केंद्रों से धान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए राइस मिलों एवं खरीदी केंद्रों की मैपिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
बाहरी धान की खरीदी पर रहेगी कड़ी निगरानी
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि अन्य राज्यों एवं जिलों से आने वाली धान को जिले में प्रवेश कर खरीदी केंद्रों तक पहुंचने से रोका जाए। किसी भी व्यापारी अथवा बाहरी व्यक्ति की धान जिले के खरीदी केंद्रों पर नहीं बिकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर बाहरी धान की खरीदी होना पाया जाता है तो संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा।
उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत सीईओ को अपने क्षेत्र में धान के रकबे और संभावित उत्पादन की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह स्पष्ट रूप से पता होना चाहिए कि उनके क्षेत्र में कितने हेक्टेयर में धान की फसल लगाई गई है और उससे कितना उत्पादन होने की संभावना है। इसी के आधार पर खरीदी केंद्रों में आने वाली धान की मात्रा पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि बाहरी धान की अवैध बिक्री को रोका जा सके।
जिले में 185 केंद्रों पर होगी धान खरीदी
बैठक में जानकारी दी गई कि बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए कुल 185 खरीदी केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें 62 केंद्र गोदाम स्तर पर तथा 123 केंद्र सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित होंगे। जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए कुल 1 लाख 31 हजार 203 किसानों का पंजीयन किया गया है। धान खरीदी का कार्य 1 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेगा। खरीदी सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक की जाएगी। किसानों के लिए धान विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत सीईओ सहित नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक श्री हरिश कोरी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ श्री अभिनव सिंह बघेल, उपायुक्त सहकारिता श्री राजेश उइके, उपसंचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय, आपूर्ति विभाग एवं मंडी के अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp #cooperativedept #minmpkrishi