’जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त ने किया शहर का औचक निरीक्षण’
’सफाई एवं व्यवस्थाओं में लापरवाही पर चालान की सख्त कार्रवाई’
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,4 सितंबर। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, सड़क, सीवरेज, पार्कों एवं स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर कचरा फैलाने एवं जलाने वालों के विरुद्ध मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।
’कावाखेड़ा बड़े पार्क में व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश’
निरीक्षण की शुरुआत कावाखेड़ा स्थित बड़े पार्क से की गई। यहां पार्क में तीन बेंच टूटी हुई पाए जाने पर उन्हें तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए। स्थानीय नागरिकों द्वारा पार्क में नियमित सफाई नहीं होने तथा चैकीदार के नियमित नहीं आने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के लिए पाबंद किया।
पार्क में जगह-जगह गंदगी, क्षतिग्रस्त फुटपाथ टाइल्स, खराब स्ट्रीट लाइट तथा जर्जर गार्ड रूम की स्थिति पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। गार्ड रूम में सामान खुले में रखे होने एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक इंतजाम नहीं होने पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
’सड़क, सीवरेज एवं सफाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश’
पुलिस लाइन ग्राउंड के दोनों गेटों के आसपास विशेष साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। छोटे गेट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रेंच में डब्ल्यूएमएम कार्य तथा दो सीवरेज मैनहोल के कवर बदलने के निर्देश दिए गए। रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में डिवाइडर एवं चैराहे पर जेबरा क्रॉसिंग के आसपास विशेष सफाई करवाने को कहा गया। राजीव गांधी मार्केट चैराहे के सर्कल में फैली घास की कटिंग एवं साफ-सफाई तत्काल करवाने के निर्देश दिए गए।
दूधाधारी मंदिर के बाहर तथा सांगानेरी गेट के पास सड़क पर मौजूद गड्ढों को डब्ल्यूएमएम डालकर दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं चंद्रशेखर आजाद नगर मुख्य प्रवेश द्वार के पास पैच रिपेयर का कार्य करवाने को कहा गया।
’स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का भी लिया जायजा’
आयुक्त ने शास्त्री नगर, काशीपुरी, नेहरू रोड एवं सिद्धि विनायक रोड पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कचरा जलाने एवं सड़क पर कचरा डालने वालों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर ही कार्रवाई की गई। वार्ड नंबर 38 स्थित सेवा सदन रोड पर श्रीराम मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा दुकान का कचरा बाहर निकालकर जलाए जाने पर चालान किया गया। पांसल चैराहा स्थित पत्रिका कार्यालय के पास एक दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ₹1,100 का जुर्माना वसूला गया। इसी प्रकार वार्ड नंबर 38 में फ्रेंड कम्युनिकेशन मोबाइल दुकान द्वारा सड़क पर कचरा डाले जाने पर भी चालान की कार्रवाई की गई।
आयुक्त ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों को शहर में स्वच्छता, सड़क, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।