पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण*
*मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल एवं ईवीएम संचालन का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण*
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 04 सितम्बर नगर निकाय चुनाव-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संपादन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाराणा प्रताप सभागार, भीलवाड़ा में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का आयोजन 3 से 5 सितम्बर तक किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों, प्रथम मतदान अधिकारियों एवं सेक्टर अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू ने भी प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया और ट्रेनिंग ले रहे चुनाव कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं संचालन तथा मतदान अधिकारियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण में मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न विशेष परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया के साथ ही चैलेंज वोट एवं टेंडर वोट की प्रक्रिया, दृष्टिबाधित एवं शिथिलांग मतदाताओं के लिए निर्धारित प्रावधानों तथा मतदान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सैद्धांतिक प्रशिक्षण के साथ-साथ ईवीएम का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान करवाई गई विभिन्न गतिविधियों के उपरांत प्रतिभागियों की समझ एवं दक्षता का आकलन करने के लिए टेस्ट भी लिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दो दिनों में अब तक 924 पीठासीन अधिकारियों एवं 924 प्रथम मतदान अधिकारियों सहित कुल 1848 कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। शेष कार्मिकों के लिए अंतिम प्रशिक्षण 5 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद ताहिर खान (डीआईजी स्टैम्प), नारायण लाल जागेटिया (सीबीईओ आसींद), बसंत बोरदिया (प्रधानाचार्य लादुवास) एवं प्रशिक्षण देने में मास्टर ट्रेनर के रूप में गोपाल कृष्ण बिड़ला, सुरेन्द्र त्रिपाठी, भेरू लाल जाट, सुबोध कुमार शर्मा एवं अटल बिहारी वैष्णव ने प्रशिक्षण दिया। ईवीएम का प्रशिक्षण अनुराग जागेटिया एवं रविकांत व्यास व उनके साथ लगे मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिया गया।"
---000---