*जन्माष्टमी पर श्याम बाबा को श्रीनाथ के स्वरूप में भव्य रूप से सजाया*
*शास्त्रीनगर श्याम मंदिर पर उत्साह से मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव*
भीलवाड़ा:निलेश कांठेड़ ( वरिष्ठ पत्रकार), 4 सितम्बर। शहर में शास्त्रीनगर सी सेक्टर स्थित श्री श्याम मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार को पारम्परिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर मण्डल सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई ओर श्याम बाबा को श्रीनाथ के स्वरूप में भव्य रूप से सजाया गया है। बाबा भोलेनाथ को महाकाल स्वरूप में सजाया गया है। मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम के अद्भुत दर्शन, जगन्नाथजी के साक्षात दर्शन, वृंदावन के बांके बिहारीजी के मनमोहक दर्शन, जयपुर के गोविन्ददेवजी के दिव्य दर्शन सहित भगवान कृष्ण से जुड़ी विभिन्न आकर्षक झांकिया भी सजाई गई। बाबा श्याम का भव्य नौका विहार का आयोजन भी किया गया। बच्चों के लिए श्री कृष्ण एवं राधा बनो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चें कृष्ण या राधा की आकर्षक वेशभूषा में तैयार होकर पहुंचे। मध्यरात्रि में भगवान श्री कृष्ण के जन्म पर मंदिर में विशेष आरती की गई एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में श्याम बाबा एवं भगवान की झांकियों के दर्शन के लिए शाम से देर रात तक श्रद्धालु उमड़ते रहे। मंदिर मण्डल सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य देर रात तक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे।