मार्कंडेश्वर तिराहे पर भिड़े दो पक्ष, मारपीट का वीडियो वायरल
कोंच (जालौन)। नगर के मार्कंडेश्वर तिराहे के पास मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। हनुमान मंदिर के सामने सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दो लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। सड़क पर काफी देर तक लात-घूंसे चलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर हुई घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए पुलिस से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोंच कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Aug 19, 2026