सड़क के लिए सड़क पर उतरी Gen Alpha!
महोबा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्रों ने झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर जाम लगा दिया। छात्रों और ग्रामीणों का कहना था कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया है और कई हिस्सों में खुदाई के कारण स्थिति और खराब हो गई है। खराब सड़क के कारण ई-रिक्शा और ऑटो के पलटने की घटनाएं होती रहती हैं। इससे कई बच्चे चोटिल हो चुके हैं और स्कूल पहुंचने में भी देरी होती है।
छात्रों का आरोप है कि अधिकारी उनकी मांगों को सुनने को तैयार नहीं थे इसलिए ये जाम लगाना पड़ा। आपको बता दें कि लगातार बारिश के बीच करीब 3 घंटे तक यातायात ठप रहा। सैकड़ों वाहन और हजारों यात्री फंसे रहे। पूरा मामला महोबा सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम रैपुरा कला गांव का है।
पुलिस द्वारा बताया गया कि तत्काल मौके पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता की गई तथा जाम को खुलवा दिया गया। वर्तमान में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।प्रकरण में संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
#Mahoba #GenAlpha #StudentProtest #UttarPradesh
Orai, Jalaun | Aug 19, 2026