स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाने वालों पर पंचकूला पुलिस का लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रहार: सेक्टर-20 के नमस्ते थाई स्पा में बोगस ग्राहक भेजकर रेड, मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार, 8 युवतियों को कराया रेस्क्यू
आज पंचकूला के सभी स्पा सेंटर संचालकों को अनैतिक गतिविधियों के संबंध में नोटिस जारी
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की दोटूक चेतावनी: पंचकूला में देह व्यापार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा, लगातार स्पा सेंटरो में जारी रहेगी औचक छापेमारी
By अमित वर्मा किनाला
पंचकूला/ 29 नवंबर:- पंचकूला में स्पा सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-20 स्थित नमस्ते थाई स्पा सेंटर में चल रहे कथित देह व्यापार के मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा और एसीपी जोगिंदर शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बोगस ग्राहक भेजकर स्पा सेंटर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 8 युवतियों को रेस्क्यू करवाया गया। पुलिस ने मौके से कुल 5,610 रुपये की नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले में इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट, 1956 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित की विशेष टीम, बोगस ग्राहक बनाकर पुलिसकर्मी को भेजा स्पा सेंटर
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने बताया कि 29 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-20 पंचकूला स्थित नमस्ते थाई स्पा सेंटर में मसाज पार्लर की आड़ में महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद एसीपी जोगिंदर शर्मा और क्राइम ब्रांच-2 प्रभारी प्रवीण मलिक की टीम और महिला पुलिस कर्मचारियों को शामिल करते हुए विशेष रेडिंग टीम गठित की गई। कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने के लिए क्राइम ब्रांच के एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाया गया और उसे रुपये देकर स्पा सेंटर में भेजा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत स्पा सेंटर पर दबिश देकर जांच शुरू की और मौके से संबंधित लोगों को काबू किया।
स्पा मैनेजर रवि और ग्राहक प्रफुल्ल कुमार गिरफ्तार, 8 युवतियों को कराया रेस्क्यू
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके से स्पा सेंटर के मैनेजर रवि निवासी मौलीजागरां, चंडीगढ़, उम्र 32 वर्ष तथा ग्राहक प्रफुल्ल कुमार निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में मौजूद 8 युवतियों को रेस्क्यू करवाया। रेस्क्यू करवाई गई युवतियां उत्तर प्रदेश, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और नेपाल सहित विभिन्न राज्यों एवं स्थानों की रहने वाली हैं। पुलिस द्वारा सभी युवतियों की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस टीम ने स्पा सेंटर के कैश काउंटर और कमरों की जांच के दौरान कुल 5,610 रुपये की नकदी तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस द्वारा बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि स्पा सेंटर में कथित अवैध गतिविधियों को कब से संचालित किया जा रहा था तथा इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की आगामी जांच सेक्टर-20 थाना टीम की अगुवाई में की जा रही है।
सभी स्पा सेंटर संचालकों को नोटिस जारी, नियमों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां चलाने वालों को पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की सख्त चेतावनी
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट, 1956 के तहत थाना सेक्टर-20 पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क की भूमिका का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि पंचकूला में स्पा सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दिशा में आज जिले के सभी स्पा सेंटर संचालकों को ऐसी अनैतिक गतिविधियों के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संचालक अपने प्रतिष्ठानों में कानून और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। यदि किसी भी स्पा सेंटर में देह व्यापार, महिलाओं के शोषण या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस द्वारा आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
Uklana, Hissar | Nov 29, 2026