पंचकूला में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: पुलिस ने बोगस ग्राहक भेजकर बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज पर की रेड, मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार, मौके से नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
मूल रुप से दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की रहने वाली चार युवतियों को कराया रेस्क्यू
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का स्पष्ट संदेश: पंचकूला में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
पंचकूला/28 नवंबर:- पंचकूला में स्पा सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-5 स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज में चल रहे देह व्यापार के मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा की अगुवाई में आज पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से बोगस ग्राहक भेजकर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार महिलाओं को रेस्क्यू करवाया गया है। पुलिस ने मौके से 15,200 रुपये की नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले में इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट, 1956 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 28 नवंबर को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-5 पंचकूला स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज के प्रथम तल पर मसाज पार्लर की आड़ में महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीनियर पुलिस अधिकारियों से विचार-विमर्श करने के बाद क्राइम ब्रांच-1 सेक्टर-26 की टीम जिसमें इन्चार्ज मनोज कुमार, उनकी टीम और महिला पुलिस कर्मचारियों को शामिल करते हुए विशेष रेडिंग टीम गठित की गई। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए हमने क्राइम ब्रांच के एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाया और उसे 3,000 रुपये देकर स्पा सेंटर में भेजा। पुलिसकर्मी को निर्देश दिए गए कि वह स्पा सेंटर के मैनेजर से बातचीत कर देह व्यापार संबंधी गतिविधियों की पुष्टि करे और सौदा तय होने पर निर्धारित मोबाइल नंबर पर संकेत दे। जैसे ही पुलिसकर्मी को संकेत मिला, हमने तुरंत स्पा सेंटर पर दबिश दी।
मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार, चार महिलाओं को कराया रेस्क्यू, मौके से 15,200 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस टीम ने स्पा सेंटर की जांच के दौरान रिसेप्शन पर मौजूद मैनेजर की पहचान प्रतीक नामदेव निवासी सतना, मध्य प्रदेश के रूप में की, जो वर्तमान में बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज में मैनेजर के तौर पर कार्यरत था। इसके अलावा, ग्राहक समेत 4 युवतियां भी मिली। पुलिस ने मौके से कुल चारों महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं में दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस ने स्पा सेंटर के कैश काउंटर की जांच के दौरान कुल 15,200 रुपये की नकदी बरामद की, जिसमें बोगस ग्राहक को दिए गए 3,000 रुपये भी शामिल थे। इसके अलावा, कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस ने नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले में स्पा सेंटर के मैनेजर प्रतीक नामदेव और ग्राहक कुमार निगम निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया गया है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत थाना सेक्टर-5 पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का स्पष्ट संदेश: जिले में स्पा सेंटर, मसाज पार्लर या किसी अन्य प्रतिष्ठान की आड़ में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस द्वारा आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी और जांच अभियान जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं के शोषण जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पंचकूला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Uklana, Hissar | Nov 28, 2026