सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
62 शिकायतों में 07 का मौके पर निस्तारण, डीएम बोले—शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही वास्तविक समाधान की कसौटी
उरई/जालौन। तहसील कोंच में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी समीर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत के वास्तविक निस्तारण की कसौटी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि की गई कार्रवाई से वह संतुष्ट है अथवा नहीं।
डीएम ने शिकायतों के रैंडम सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि शिकायत का वास्तव में समाधान हुआ है या केवल अभिलेखों में निस्तारण दर्शाया गया है। जिन मामलों में मौके पर जांच आवश्यक हो, उनमें अधिकारी स्वयं अथवा सक्षम टीम के माध्यम से स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कई जनसमस्याओं का समाधान किसी एक विभाग के स्तर से संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय और संयुक्त प्रयास से प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। विशेष रूप से भूमि विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का परीक्षण करे और नियमानुसार कार्रवाई करे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता से लेते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, एसपी विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश।
District Magistrate/District Election Officer, Jalaun
Orai, Jalaun | Sep 19, 2026