डिवाइडर से टकराकर पलटा गिट्टी लदा ट्रक, लगी भीषण आग
ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
उरई/जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होने से अफरा-तफरी मच गई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 229.2 के पास गिट्टी से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और कुछ ही देर में उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त ट्रक में चालक और परिचालक सवार थे। ट्रक के पलटने के बाद आग लगते ही दोनों ने किसी तरह वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते बाहर निकल जाने से दोनों सुरक्षित बच गए।
ट्रक में लगी आग इतनी विकराल थी कि उसकी ऊंची लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक बुरी तरह जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।
Orai, Jalaun | Sep 19, 2026