सिद्धार्थनगर मेले में गोलगप्पा खाते ही बिगड़ी तबीयत, पेंडारी में 60 से अधिक बच्चे हुए बीमार
सिद्धार्थनगर। पेंडारी गांव में रविवार को ठेले पर गोलगप्पा खाने से 60 से 70 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। अचानक उल्टियां होने से बच्चों के स्वजन घबरा गए। आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा पहुंचाया गया। यहां 40 बच्चों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें दवा देकर छुट्टी दे दी गई।
वहीं, दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य 18 बच्चों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब पेडारी गांव के पास के गांवों में और भी संक्रमित बच्चों की तलाश में जुट गई है।
खेसरहा थाने के पेड़ारी गांव में दीपावली पर मेला लगा है। यहां पर आसपास के गांवों के लोग आए थे। मेला में ठेले पर गोलगप्पा खाने के बाद बच्चों को अचानक उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन बच्चों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
चिकित्सकों ने सभी बच्चों का उपचार शुरू किया। स्थिति में सुधार होने पर 40 बच्चों को घर भेज दिया गया। दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय दोहरे ने बताया कि दो बच्चों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। 60 से 70 बच्चों के संक्रमित होने की सूचना है। इसे संज्ञान में लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां भेज दिया गया है।
Balrampur, Balrampur | Nov 8, 2026