डीएम पहुंचे मेडिकल कालेज, गोलगप्पे खाने से बीमार बच्चों का जाना हाल...
#सिद्धार्थनगर 08 नवंबर 2026
खेसरहा थाना क्षेत्र के पेडारी और कलनाखोर गांव में फुल्की खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना पर इसकी गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों का हाल जाना।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने एमसीएच विंग और पीआईसीयू में पहुंचकर मरीजों के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को सभी मरीजों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में भर्ती पांच मरीजों और पीआईसीयू में भर्ती 17 बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीआईसीयू में सभी 17 बच्चे उपचाराधीन हैं। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर मरीजों की तबीयत और अब तक मिले उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने चिकित्सकों से भी मरीजों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली और कहा कि सभी बीमार लोगों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। मरीजों को आवश्यक दवाएं, जांच और अन्य चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सीएमएस एवं संबंधित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि भर्ती मरीजों के उपचार पर विशेष निगरानी रखी जाए। बच्चों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को भी पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। इस मौके पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जैद अब्बासी समेत डॉ. अबसर, डॉ. राशिद समेत चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।